विश्व सेवा संघ संवाद सूत्र
अर्जुन यादव
बढ़नी – विकास खंड बढ़नी क्षेत्र के ढेकहरी बुजुर्ग गांव में मोबाइल नेटवर्क की बदहाली से ग्रामीण हलकान हैं। गांव में लगा एयरटेल का टॉवर आए दिन घंटों गुल रहता है, जिससे डिजिटल इंडिया के दावे हवा हो रहे हैं। महंगे रिचार्ज के बावजूद सेवाएं न मिलने से नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन से हस्ताक्षेप की मांग की है।
ढेकहरी बुजुर्ग और आसपास के इलाके में संचार सेवा पूरी तरह लड़खड़ा गई है। स्थानीय निवासी डॉ. सोनू का कहना है कि टॉवर लगा होने के बावजूद दिन भर सिग्नल गायब रहते हैं। स्थिति यह है कि कॉल करने के लिए लोगों को छतों या ऊंचे स्थानों पर जाना पड़ता है। सबसे ज्यादा दिक्कत ऑनलाइन पढ़ाई करने वाले छात्रों और व्यापारियों को हो रही है।
सुरेंद्र केंद्र संचालक सुरेंद्र कुमार ने आक्रोश जताते हुए कहा कि एयरटेल ने रिचार्ज की दरें तो काफी बढ़ा दी हैं, लेकिन नेटवर्क के नाम पर उपभोक्ताओं को ठगा जा रहा है। घंटों नेटवर्क गायब रहने से बैंकिंग और अन्य जरूरी ऑनलाइन कार्य ठप हो जाते हैं।
समस्या से आजिज आकर जितेंद्र, धर्मेंद्र, अशोक, अमन, मोहन, मुमताज, मुकेश, प्रहलाद और मनीष समेत अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और संबंधित विभाग को चेतावनी दी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि तकनीकी खराबी और पावर बैकअप की समस्या को जल्द दूर नहीं किया गया, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते ही नेटवर्क की स्थिति और भी खराब हो जाती है। घंटों तक सिग्नल न रहने से डिजिटल भुगतान और सरकारी योजनाओं के ऑनलाइन आवेदन भी नहीं हो पा रहे हैं।
