एसएसबी जवानों ने 63 बोरी यूरिया जब्त किया

विश्व सेवा संघ, संवाददाता

शरदेंदु त्रिपाठी

शोहरतगढ़। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। 43वीं वाहिनी एसएसबी सिद्धार्थनगर के जवानों ने नाका के दौरान नेपाल तस्करी के लिए ले जाई जा रही 63 बोरी यूरिया खाद, एक पिकअप वाहन, एक मोटरसाइकिल के साथ दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को 43वीं वाहिनी एसएसबी की सीमा चौकी कोटिया के जवानों को सूचना मिली कि महथा गांव के रास्ते सीमा स्तम्भ संख्या 560 के समीप यूरिया खाद की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर गठित विशेष नाका दल ने कोटिया–गनेशपुर रोड पर एक चार पहिया वाहन को नेपाल की ओर जाते हुए रोका। जांच के दौरान पिकअप वाहन से 60 बोरी यूरिया खाद बरामद की गई।पकड़े गए चालक ने पूछताछ में अपना नाम शौकत अली पुत्र चौधरी उम्र 45 वर्ष‌ निवासी ग्राम महथा बाजार थाना शोहरतगढ़ जिला सिद्धार्थनगर बताया।

उसने स्वीकार किया कि वह भारत से यूरिया खाद नेपाल के अलगी गांव में अधिक दाम पर बेचने के लिए ले जा रहा था।इसी क्रम में सीमा चौकी धनौरा पुलिस की संयुक्त विशेष नाका टीम ने सूचना के आधार पर सीमा स्तम्भ संख्या 558 के पास से 3 बोरी यूरिया खाद और एक मोटरसाइकिल के साथ एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपना नाम राम किशोर कुर्मी पुत्र बच्चू लाल चौहान उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम चौहट्टा पोस्ट महाराजगंज-द्वितीय, जिला कपिलवस्तु (नेपाल) बताया। खाद से संबंधित दस्तावेज मांगने पर वह कोई कागजात उपलब्ध नहीं कर सका।तत्पश्चात दोनों नाका दलों द्वारा बरामद कुल 63 बोरी यूरिया खाद,1 पिकअप,1 मोटरसाइकिल तथा 2 व्यक्तियों को आवश्यक कागजी कार्यवाही के उपरांत सीमा शुल्क कार्यालय बढ़नी को सुपुर्द कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *