गणना प्रपत्र वितरित करने और उन्हें पूर्ण रूप से डिजिटाइज करने में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
विश्व सेवा संघ संवाद सूत्र
बढ़नी- शोहरतगढ तहसील सभागार में मंगलवार को विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2025 के दौरान अपने बूथ के सभी मतदाताओं को समय पर गणना प्रपत्र वितरित करने और उन्हें पूर्ण रूप से डिजिटाइज करने में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बीएलओ मुमताज अहमद (रोजगार सेवक) एवं जय प्रकाश (रोजगार सेवक) को प्रशस्ति पत्र और शाल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एसडीएम शोहरतगढ़ विवेकानन्द मिश्रा, तहसीलदार प्रकाश सिंह, नायब तहसीलदार महबूब अंसारी और आशीष संगम, तहसील अध्यक्ष लेखपाल संघ उपस्थित रहें। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2025 के कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए सभी कर्मचारियों ने उल्लेखनीय योगदान दिया। बीएलओ मुमताज अहमद और जय प्रकाश ने अपने बूथों पर मतदाताओं के घर जाकर गणना प्रपत्र वितरण एवं प्राप्त करने का कार्य निष्ठापूर्वक और समय पर सम्पन्न किया, जिससे पुनरीक्षण प्रक्रिया में व्यवधान नहीं आया और इसे सुचारू रूप से सम्पन्न किया जा सका। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ विवेकानन्द मिश्रा ने सभी कर्मचारियों को उनके दायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन करने और समय पर गणना प्रपत्र प्राप्त कर डिजिटाइज करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की सक्रियता और जिम्मेदारी प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित करती है। सम्मान समारोह में वीआरसी सी0पी0 सिंह, प्रधान प्रतिनिधि महबूब आलम, अरविन्द चौबे, विनोद कुमार, असलम एवं अन्य राजस्व कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर कार्य में योगदान देने वाले कर्मचारियों की सराहना की और उन्हें बधाई दी। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2025 के इस सम्मान समारोह ने दिखाया कि जब कर्मचारी अपने दायित्व निष्ठापूर्वक निभाते हैं तो प्रशासनिक प्रक्रियाओं में सुधार और जनता के विश्वास में वृद्धि सम्भव है।
