अल्पसंख्यक दंपति पर आरोप, पुलिस जांच में जुटी

विश्व सेवा संघ| जिला संवाददाता ,(संवाद सूत्र )

सिद्धार्थनगर।
जनपद सिद्धार्थनगर में रविवार शाम राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के कथित अपमान का मामला सामने आने से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में तिरंगे को आग के ऊपर रखे जाने का दृश्य दिखाई दे रहा है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
मामला भवानीगंज थाना क्षेत्र के देईपार गांव का बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों एवं वायरल वीडियो के आधार पर आरोप है कि आग तापते समय तिरंगे को अलाव के ऊपर रख दिया गया, जिससे वह जल गया। वीडियो सामने आते ही गांव सहित आसपास के इलाकों में नाराजगी फैल गई और लोगों ने इसे राष्ट्र की आन-बान-शान का अपमान बताया।
सूचना मिलते ही भवानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार वीडियो की प्रामाणिकता, घटना की वास्तविक परिस्थितियां तथा इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस निगरानी बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान को गंभीर अपराध बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेजी गई है। जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *