विश्व सेवा संघ, संवाद सूत्र
सिद्धार्थनगर
पुष्यलोक लोकमाता रानी अहिल्याबाई होल्कर जन्म त्रिशताब्दी वर्ष स्मृति अभियान 2025 के अंतर्गत लोहिया कला भवन में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन, समन्वय विभाग के मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री श्री अनिल राजभर रहे। उनके साथ डुमरियागंज के सांसद श्री जगदम्बिका पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री कन्हैया पासवान एवं इटवा के पूर्व विधायक डॉ. सतीश द्विवेदी मंच पर उपस्थित रहे
कार्यक्रम का शुभारंभ रानी अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मंत्री श्री अनिल राजभर ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई भारतीय इतिहास की उन महान विभूतियों में से थीं, जिन्होंने प्रशासन, धर्म और नारीशक्ति का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि रानी अहिल्याबाई का जन्म 31 मई 1725 को महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के चांदी गांव में हुआ था। बचपन से ही वे प्रखर बुद्धि एवं विलक्षण व्यक्तित्व की धनी थीं।
मंत्री राजभर ने बताया कि अहिल्याबाई ने मालवा राज्य की महारानी बनने के बाद देश भर में मंदिरों, कुओं, धर्मशालाओं और घाटों का निर्माण कराया। काशी, गया, सोमनाथ, द्वारका और रामेश्वरम जैसे तीर्थस्थलों पर उन्होंने निर्माण कार्य कराए। वे न केवल धार्मिक आस्था की प्रतीक थीं, बल्कि प्रशासनिक दक्षता और महिला सशक्तिकरण की प्रेरणा भी थीं।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा
सांसद श्री जगदम्बिका पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को समाज में समान अधिकार मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि देशभर में रानी अहिल्याबाई की त्रिशताब्दी जन्मवर्ष को व्यापक रूप से मनाया जा रहा है। रानी ने किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता दी, सिंचाई के साधनों का निर्माण कराया, कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहन दिया और कृषि आधारित नीतियों को मजबूती दी।
नारी शिक्षा और दलित उत्थान की अग्रदूत थीं रानी अहिल्याबाई
भाजपा जिलाध्यक्ष श्री कन्हैया पासवान ने कहा कि अहिल्याबाई ने नारी शिक्षा को बढ़ावा दिया और महिलाओं को संपत्ति में अधिकार दिलाया। उन्होंने विधवा महिलाओं को संपत्ति का उत्तराधिकारी बनाकर समाज में नई चेतना का संचार किया। रानी ने दलितों, आदिवासियों और पिछड़ों के उत्थान हेतु अनेक कार्य किए।
भव्य उपस्थिति में सम्पन्न हुआ आयोजन
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से जिला प्रभारी हरिचरण कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि उपेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष लालजी त्रिपाठी, चेयरमैन श्री गोविंद माधव, शिवनाथ चौधरी, हरिशंकर सिंह, विपिन सिंह, विजयकांत चतुर्वेदी, दीपक मौर्य, मीडिया प्रभारी निशांत पांडेय, अजय उपाध्याय, तेजू विश्वकर्मा, गौरीशंकर अग्रहरि, बिंदुमती मिश्रा और नगर अध्यक्ष महेश वर्मा सहित अन्य गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।