पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियन्ता पर विधायक क्रोधित होकर बिफर पड़े

  • विधायक ने कहा कि जूते उतारकर मारूंगा व नंगा कर चौराहे पर घुमाऊंगा।

विश्व सेवा संघ संवाद सूत्र

बढ़नी- सिद्धार्थ नगर जनपद मुख्यालय में शोहरतगढ़ से विधायक विनय वर्मा ने मंगलवार को पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियन्ता कमल किशोर पर क्रोधित होकर बिफर पड़े। उन्होंने रेस्ट हाउस में अधिशासी अभियन्ता कमल किशोर को जमकर फटकार लगाई। आपको बता दें कि विधायक शोहरतगढ़़ विनय वर्मा ने कहा कि बुलाने पर नहीं आते। सही से काम नहीं करते। जूते उतारकर मारूंगा। तुम भ्रष्टाचार फैला रहे, जनता सवाल मुझसे कर रही है। तुम मेरा फोन नहीं उठाते हो, मेरी विधानसभा में भ्रष्टाचार फैल रहा है। मैं यह बर्दाश्त नहीं करूंगा। अगर जनता के पैसों से खिलवाड़ हुआ तो तुम्हें नंगा कर चौराहे पर घुमाऊंगा। हम किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार को सहन नहीं करेंगे। दरअसल, जिस ठेकेदार को शासन ने दो महीने पहले ब्लैकलिस्ट किया था, वही ठेकेदार रेस्ट हाउस में मंगलवार दोपहर 1:30 बजे अधिशासी अभियन्ता के साथ बैठक कर रहा था। बैठक की जानकारी मिलते ही विधायक विनय वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने रेस्ट हाउस में चल रही इस बैठक का वीडियो बनाते हुए फेसबुक पर लाइव कर दिया। विधायक विनय वर्मा ने कहा कि वे कई बार अधिशासी अभियन्ता से क्षेत्र में हुए विकास कार्यों और प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी मांग चुके हैं, लेकिन न तो कोई जवाब मिला और न दस्तावेज उपलब्ध कराये गये। विधायक ने कहा कि अधिशासी अभियन्ता कमल किशोर की पहले देवरिया में तैनाती रही, जहां उन पर करीब चार करोड़ रुपए के गबन और धन के दुरुपयोग के आरोप लगे थे। उस समय उन्हें निलम्बित किया गया था। हाईकोर्ट के आदेश पर एक महीने पहले बहाली हुई, लेकिन उनके कार्य व्यवहार में कोई सुधार नहीं दिखा। आपको बता दें कि रेस्ट हाउस में करीब डेढ़ घन्टे तक हंगामा चलता रहा। विधायक विनय वर्मा ने मौके से वीडियो सबूत जुटाये। उन्होंने कहा कि वे इस पूरे मामले को शासन के उच्च स्तर पर उठायेंगे। उन्होंने विभाग से तत्काल और पारदर्शी जांच की मांग की है। स्थानीय प्रशासन से इस प्रकरण पर प्रतिक्रिया मांगी गई तो ऑन कैमरा बोलने से इनकार कर दिया। अधिकारियों ने ऑफ कैमरा में कहा कि वायरल वीडियो के तथ्यों की जांच कराई जायेगी और अगर कोई अनियमितता पायी गयी तो दण्डात्मक कार्रवाई की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *