विश्व सेवा संघ, संवाददाता
शरदेंदु त्रिपाठी।
शोहरतगढ़। विकास खण्ड शोहरतगढ़ क्षेत्र के ग्राम पंचायत मड़वा “गांव की समस्या, गांव में समाधान” अभियान के तहत पंचायत भवन पर ग्राम चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। चौपाल का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर मौके पर ही समाधान की दिशा में पहल करना रहा।
मड़वा गांव की चौपाल कार्यक्रम की अध्यक्षता खण्ड विकास अधिकारी शोहरतगढ़ चन्द्रभूषण तिवारी ने की। चौपाल में ग्रामीणों ने पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, व्यक्तिगत शौचालय, रोजगार, स्वच्छता सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।कार्यक्रम में अधिकारियों द्वारा जी राम जी योजना (विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण), पीएम आवास, पेंशन, शौचालय, रोजगार से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई तथा ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
आरबीआई बैंक प्रतिनिधि संतोष शुक्ला ने बैंकिंग, बीमा सेवाओं के साथ-साथ मशरूम की खेती, अगरबत्ती, मोमबत्ती, अचार व मसाला पाउडर निर्माण जैसे गृह उद्योगों की जानकारी देकर स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया।चौपाल में जी राम जी योजना (पूर्व मनरेगा) पर विशेष चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जहां मनरेगा में 100 दिनों की रोजगार गारंटी थी, वहीं जी राम जी योजना के तहत 125 दिनों की रोजगार गारंटी प्रदान की जा रही है। इस योजना में रोजगार के साथ-साथ ग्रामीण विकास, जल संरक्षण, सिंचाई, आंगनबाड़ी भवन निर्माण, वृक्षारोपण और जल-स्वच्छता से जुड़ी परियोजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
साथ ही बायोमेट्रिक सत्यापन व जीपीएस आधारित उपस्थिति जैसी व्यवस्थाओं से पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत किया गया है।इस दौरान बीडीओ चन्द्रभूषण तिवारी, एडीओ समाज कल्याण प्रमोद कुमार, एपीओ अरुण कुशवाहा, सचिव अजय भारतीया, जेई पियूष मिश्रा, रोजगार सेवक विजय कुमार दूबे, पंचायत सहायक सुजाता गिरी, कोटेदार मनौव्वर, विजय प्रकाश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
