हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है भाजपा सरकार- राम प्रसाद चौधरी, सांसद

शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगररविवार को शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी की ओर से किसान, नौजवान और मजदूर सम्मेलन का आयोजन किया गया। पूर्व विधायक अमर सिंह चौधरी के संयोजन में आयोजित सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में सपा के वरिष्ठ नेता व सांसद रामप्रसाद चौधरी तथा पूर्व मंत्री शैलेन्द्र उर्फ ललई यादव शामिल हुए।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, नौजवान, मजदूर, जिलास्तरीय पदाधिकारी और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।सम्मेलन को संबोधित करते हुए सपा नेताओं ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर किसानों, नौजवानों और गरीबों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। किसानों को गलत नीतियों के कारण संकट झेलना पड़ रहा है, जबकि नौजवान रोजगार के लिए भटक रहे हैं और उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नेताओं ने आने वाले चुनाव में भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का आह्वान किया।मीडिया से बातचीत में सांसद रामप्रसाद चौधरी और पूर्व मंत्री शैलेन्द्र उर्फ ललई यादव ने कहा कि शोहरतगढ़ में आयोजित यह सम्मेलन समाज के सभी वर्गों को भाजपा सरकार की नीतियों से अवगत कराने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने कहा कि जनता को सरकार के कथित झूठे वादों और हकीकत के बीच फर्क समझना होगा, ताकि आगामी चुनाव में सही निर्णय लिया जा सके।पूर्व विधायक अमर सिंह चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि गैस एजेंसियों पर किसानों, गरीबों और महिलाओं की लंबी कतारें लग रही हैं।

गैस की कमी का असर छोटे दुकानदारों पर भी पड़ रहा है, जिससे उनकी रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है। उन्होंने मनरेगा की स्थिति पर भी चिंता जताते हुए कहा कि गांवों में मजदूरों को समय पर मजदूरी नहीं मिल रही है, जिससे उनकी आर्थिक हालत खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि मजदूरों की आमदनी दोगुनी नहीं हुई, बल्कि किसानों की लागत जरूर बढ़ी है। वर्ष 2014 में बेरोजगारी दूर करने का वादा भी पूरा नहीं हुआ।कार्यक्रम में सपा के स्टार गायक धर्मेंद्र सोलंकी ने बिरहा गीतों के माध्यम से भाजपा सरकार पर कटाक्ष किया और उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

सम्मेलन को बांसी के पूर्व विधायक एवं सपा जिलाध्यक्ष लालजी यादव, डुमरियागंज विधायक सैयदा खातून, लोकतंत्र सेनानी बेचई यादव, राममिलन भारती और प्रदीप पत्थरकट्ट ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन घिसियावान यादव ने किया।इस दौरान सपा नेत्री विभा शुक्ला, जावेद अहमद, अलाउद्दीन, हरिराम यादव, कमरुज्जमा, रिंधु पासवान, विजय चौधरी, रामसेवक लोधी, धीरू यादव, राम यादव, अंगद यादव, पप्पू यादव, अब्दुल कलाम, अवनिंद्र चौधरी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *