भारत आज विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी और तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था : जगदम्बिका पाल
सांसद के जन्मदिवस पर तुलसियापुर में आयोजित कंबल वितरण एवं अभिनन्दन समारोह में मंत्री एके शर्मा ने किया प्रतिभाग।
सिद्धार्थनगर में 2000 करोड़ से अधिक के विकास कार्य, सांसद की अनुशंसा से हुए आधे से अधिक कार्य।
2000 गरीब परिवारों में वितरण किया कम्बल, मंत्री एके शर्मा ने कुछ परिवारों को स्वयं किया वितरण।
बढ़नी- नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए0के0 शर्मा ने लोकसभा क्षेत्र डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर) के सांसद जगदम्बिका पाल के जन्मदिवस के अवसर पर शुक्रवार को तुलसियापुर में आयोजित जन्मदिवस अभिनन्दन समारोह में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर जनसेवा और सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए लगभग 4000 गरीब एवं जरूरतमन्द परिवारों को कम्बल वितरित किये गये। मंत्री ए0के0 शर्मा ने स्वयं कई गरीब परिवारों को अपने हाथों से कम्बल प्रदान कर सेवाभाव का सन्देश दिया। अपने सम्बोधन में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए0के0 शर्मा ने सांसद जगदम्बिका पाल को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जगदम्बिका पाल जनता के प्रति पूर्णतः समर्पित ऐसे जननेता हैं, जिनकी बात दिल्ली से लेकर लखनऊ तक गम्भीरता से सुनी जाती है।

उन्होंने कहा कि सांसद पाल की प्राथमिकता हमेशा क्षेत्र का विकास और आमजन की भलाई रही है। मंत्री ए0के0 शर्मा ने बताया कि नगर विकास विभाग द्वारा सिद्धार्थनगर जनपद में लगभग 2000 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराये गये हैं, जिनमें से आधे से अधिक कार्य सांसद जगदम्बिका पाल की अनुशंसा पर स्वीकृत और पूर्ण हुए हैं। इसके साथ ही विद्युतीकरण के क्षेत्र में भी उनके सतत प्रयासों से अनेक मजरों और गांवों में बिजली पहुंचाई गई, जिससे ग्रामीण जीवन में बड़ा सकारात्मक बदलाव आया है।
मंत्री ए0के0 शर्मा ने कहा कि नये बर्ष और जन्मदिवस जैसे अवसरों पर विदेश या पर्यटन स्थलों पर न जाकर जनता के बीच रहकर उत्सव मनाना, उनके जनसेवक होने का प्रमाण है।
इस अवसर पर सांसद जगदम्बिका पाल ने अपने सम्बोधन में कहा कि भारत आज तेजी से उभरती हुई महाशक्ति बन रहा है। उन्होंने कहा कि जब नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बने थे, तब भारत विश्व की ग्यारहवीं अर्थव्यवस्था था, जबकि आज भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी और सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि उन्होंने राजनीति को कभी सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं माना, बल्कि इसे जिम्मेदारी, सेवा और कर्तव्य के रूप में स्वीकार किया है।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती साधना चौधरी, चेयरमैन गोविन्द माधव, जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान, भाजपा नेता श्याम जायसवाल, चेयरमैन बढ़नी सुनील अग्रहरि, चेयरमैन प्रतिनिधि शोहरतगढ़़ रवि अग्रवाल, कार्यक्रम आयोजक युवा भाजपा नेता अनिल अग्रहरि सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहें।
