बाइक चोरी की घटनाओं पर पत्रकारों ने जताई नाराजगी, 48 घन्टे में खुलासा न होने पर कड़ा रुख अपनाने की दी चेतावनी

विश्व सेवा संघ संवाद सूत्र
बढ़नी – नगर पंचायत बढ़नी कस्बे के डाक बंगले पर गुरुवार को क्षेत्रीय पत्रकारों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें पत्रकार ओज़ैर खान के घर से मोटरसाइकिल चोरी होने के मामले में पुलिस की निष्क्रियता पर गहरी नाराजगी व्यक्त की गई। पत्रकारों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि 48 घन्टें के भीतर चोरी की घटना का खुलासा कर अभियुक्त को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वे कड़ा रुख अपनाने को विवश होंगे। पत्रकारों ने कहा कि बढ़नी कस्बे में पिछले कुछ महीनों से बाइक चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आमजन में भय का माहौल है। अब पत्रकार भी सुरक्षित नहीं हैं। पत्रकार ओज़ैर खान के घर के बरामदे में खड़ी बाइक 27/28 अक्टूबर की रात चोरी हो गई थी। चौकी पर तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने कोई तत्काल कार्रवाई नहीं की। घटना के दो दिन तक पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही। पत्रकारों के प्रतिनिधि मण्डल ने थानाध्यक्ष से मिलकर प्रकरण पर चर्चा की, जिसके बाद गुरुवार को मामला दर्ज किया गया। पत्रकारों ने कहा कि घटना के चार दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी है। उन्होंने कहा कि यदि 48 घन्टें के भीतर चोरी की घटना का खुलासा नहीं किया गया, तो इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की जाएगी और पत्रकार समुदाय संयुक्त रूप से आगे की रणनीति तय करेगा। इस अवसर पर पत्रकार परमात्मा उपाध्याय, अजय गुप्ता, उदय प्रताप श्रीवास्तव,विंध्याचल शुक्ला, शम्भू नाथ तिवारी, पवन पाठक, पवन यादव, चंन्दालाल, नन्दलाल, अनिल, अर्जुन यादव, सलमान हिन्दी, ओज़ैर खान और मुस्तन शेरूल्लाह आदि मौजूद रहे। इस सम्बन्ध में थानाध्यक्ष नारायन लाल श्रीवास्तव ने बताया कि बाइक चोरी के सम्बन्ध में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस टीम जांच में जुटी है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *