तुलसियापुर चौराहे पर स्थित पं. बाबूराम शुक्ल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज

सिद्धार्थनगर। बढ़नी ब्लॉक के तुलसियापुर चौराहे पर स्थित पं. बाबूराम शुक्ल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शुक्रवार को ढेबरुआ थाने की मिशन शक्ति टीम और मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को बाल विवाह से होने वाले सामाजिक, शैक्षणिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

ढेबरुआ थाने के एसआई कुंज बिहारी तिवारी ने उपस्थित छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति ही नहीं, बल्कि कानूनन गंभीर अपराध है। उन्होंने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि बाल विवाह कराने, उसमें सहयोग करने या उसे बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।

उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करने के लिए बाल विवाह को पूरी तरह समाप्त करना आवश्यक है। वहीं मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान की टीम ने बच्चों को किसी भी प्रकार की सूचना या शिकायत की स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन और स्थानीय थाने से संपर्क करने की अपील की।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित शिक्षकों, छात्रों और छात्राओं ने बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ सहयोग करने और समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर मुख्य आरक्षी अमरेश पांडेय, महिला आरक्षी मीरा रानी, श्रद्धा त्रिपाठी, प्रधानाचार्य रवि शुक्ल, मानव संसाधन एवं महिला बाल विकास संस्थान से जिला समन्वयक प्रसून शुक्ला, विजय शंकर यादव, काजल श्रीवास्तव, सीतू गुप्ता, रंजना तिवारी, रेखा यादव, शिवानी तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *