राजकीय महिला डिग्री कॉलेज चौखड़ा के पास हुआ दर्दनाक हादसा

इटवा / सिद्धार्थनगर।
आज दिनांक 5 नवम्बर 2025 की सुबह लगभग 8:30 बजे जनपद सिद्धार्थनगर के तहसील डुमरियागंज क्षेत्र के ग्राम रेहरा निवासी ओमप्रकाश पुत्र गब्बू लाल अपनी 18 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी के साथ मोटरसाइकिल से रसूलपुर रिश्तेदारी जा रहे थे।

जब वे डुमरियागंज–इटवा मार्ग पर स्थित राजकीय महिला डिग्री कॉलेज, चौखड़ा के पास पहुँचे, तभी पीछे से आ रहा तेज़ रफ्तार ट्रक (पंजीकरण संख्या UP-51 AT 4193) लापरवाहीपूर्वक मोटरसाइकिल में ज़ोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर लगने से ओमप्रकाश और उनकी पुत्री लक्ष्मी सड़क पर गिर पड़े।

हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए तथा मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना इटवा पुलिस मौके पर पहुँची और दोनों को एंबुलेंस के माध्यम से सरकारी अस्पताल इटवा भेजा। चिकित्सकों ने जांच के दौरान लक्ष्मी को मृत घोषित कर दिया, जबकि ओमप्रकाश का प्राथमिक उपचार किया गया।

इस घटना के संबंध में ओमप्रकाश पुत्र गब्बू लाल ने थाना इटवा में लिखित तहरीर देकर ट्रक चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

इस बाबत जब संवाददाता ने थाना प्रभारी इटवा श्री संतोष तिवारी से बात की तो उन्होंने बताया कि –

“हाँ, तहरीर प्राप्त हुई है। आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मुकदमा दर्ज किया जाएगा।”

पुलिस ने मृतका लक्ष्मी के शव को पोस्टमार्टम हेतु पीएम हाउस भेज दिया है।
इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।


📍संवाददाता – जयप्रकाश त्रिपाठी
विश्व सेवा संघ हिंदी दैनिक समाचार पत्र

By Reporter

"चाटुकारिता नहीं पत्रकारिता ✍️✍️"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *