विश्व सेवा संघ, संवाददाता
तुलसियापुर: सर्व शिक्षा सेवा समिति द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश टैलेंट ओलंपियाड (पार्ट–2) के अंतर्गत भातखंडे संस्कृत विश्वविद्यालय, लखनऊ के ऑडिटोरियम हॉल में भव्य शैक्षिक सेमिनार एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सिद्धार्थनगर जनपद के बढ़नी ब्लॉक स्थित तुलसियापुर
चौराहे पर संचालित पर. बाबूराम शुक्ल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं अमर उजाला के पत्रकार रवि शुक्ल को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए “सर्व शिक्षा रत्न पुरस्कार” से सम्मानित किया गया।
रवि शुक्ल लंबे समय से शिक्षा एवं पत्रकारिता दोनों क्षेत्रों में सक्रिय रहते हुए ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को पत्रकारिता के माध्यम से उजागर करते रहे हैं। उनके इस दोहरे योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
इसी समारोह में नूर फाउंडेशन, लखनऊ के संस्थापक मौलाना मुस्तफा मदनी को भी शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए “सर्व शिक्षा रत्न पुरस्कार” से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, अवकाश प्राप्त इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति जस्टिस वीरेंद्र सिंह यादव ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा से ही व्यक्ति, परिवार और समाज का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की सलाह दी तथा अभिभावकों से बच्चों की रुचि के अनुसार शिक्षा देने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 20 मेधावी विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया, वहीं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को “सर्व शिक्षा एप्रीसिएशन अवार्ड” भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में बलरामपुर सांसद राम शिरोमणि वर्मा, सेवानिवृत्त जिला जज बी. नक़वी, पूर्व आईपीएस बी.पी. अशोक, संस्था के मैनेजर शाहिद आलम, मुख्तार अहमद, राम सूरत यादव, अजय यादव सहित शिक्षा, प्रशासन एवं समाज सेवा जगत की कई विशिष्ट हस्तियां उपस्थित रहीं।
इस सम्मान से सिद्धार्थनगर जनपद के शिक्षा एवं पत्रकारिता जगत में हर्ष का माहौल है।
