विश्व सेवा संघ संवाददाता
अर्जुन यादव
बढ़नी/सिद्धार्थनगर – होली के पावन अवसर पर चेयरमैन बढ़नी सुनील अग्रहरि ने नगरवासियों को शुभकामनाएं देते हुए त्योहार को संयम, सौहार्द और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि होली केवल रंग खेलने का पर्व नहीं, बल्कि आपसी सम्बन्धों को मजबूत करने और समाज में नई ऊर्जा भरने का अवसर है। यह त्योहार हमें पुरानी कटुता भुलाकर प्रेम और भाईचारे का हाथ बढ़ाने की सीख देता है। चेयरमैन सुनील अग्रहरि ने युवाओं से विशेष रूप से आग्रह किया कि वे त्योहार की गरिमा बनाये रखें और किसी भी प्रकार की अशान्ति या नशे से दूर रहें। उन्होंने कहा कि सुरक्षित और शान्तिपूर्ण होली ही सच्चे अर्थों में उत्सव की पहचान है। उन्होंने नागरिकों से पर्यावरण के प्रति सजग रहते हुए प्राकृतिक रंगों का उपयोग करने और स्वच्छता का ध्यान रखने की भी अपील की। अन्त में उन्होंने सभी के सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
