विश्व सेवा संघ, संवाददाता

वाराणसी। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत टीबी मुक्त वाराणसी के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पीएमश्री राजकीय अभिनव इंटर कॉलेज, ज़खनी में स्वास्थ्य विभाग की सहयोगी संस्था द्वारा टीबी जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। टीबी उन्मूलन

कार्यक्रम के दौरान गांधी फेलो ऋषिका ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को टीबी की वर्तमान स्थिति, इसके कारण, लक्षण, रोकथाम एवं उपचार संबंधी विस्तृत जानकारी दी। साथ ही जनपद में टीबी उन्मूलन के लिए किए जा रहे प्रयासों से भी अवगत कराया गया।

जागरूकता सत्र को संवादात्मक एवं सहभागितापूर्ण तरीके से संचालित किया गया, जिसमें टीबी क्या है, इसके प्रमुख लक्षण, संक्रमण से बचाव के उपाय, टीबी से जुड़े मिथक एवं वास्तविक तथ्य तथा समय पर जांच और पूरा उपचार लेने के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए प्रश्न पूछे और अपने विचार साझा किए।

छात्रों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और सकारात्मक प्रतिक्रिया से यह स्पष्ट हुआ कि विद्यालय स्तर पर आयोजित ऐसे जागरूकता कार्यक्रम अत्यंत प्रभावी सिद्ध हो रहे हैं। सत्र के दौरान यह भी बताया गया कि युवा वर्ग टीबी उन्मूलन अभियान में अहम भूमिका निभा सकता है।

छात्र-छात्राओं को टीबी से संबंधित सही जानकारी अपने परिवार, सहपाठियों एवं समाज तक पहुंचाने, लक्षणों की पहचान कर समय पर जांच के लिए प्रेरित करने तथा टीबी से जुड़े सामाजिक कलंक और भ्रांतियों को दूर करने हेतु प्रोत्साहित किया गया। साथ ही उन्हें स्वास्थ्य एम्बेसडर के रूप में अपने विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक अशोक कुमार यादव, अध्यापक वैष्णवी देवी सहित लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *